उन्नाव। दूसरे राज्यों से आने वाले मजदूरों के हुनर की जिला प्रशासन ने पड़ताल शुरू कराई है। पड़ताल के पीछे का मकसद क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद हुनर के अनुसार ही मजदूरों को रोजगार दिलाया जा सके।
प्रदेश की योगी सरकार दूसरे राज्यों में रह रहे मजदूरों को घर ला रही है। जिले में करीब 15 हजार लोगों के आने की संभावना है। इसको लेकर करीब 59 क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं। अभी तक हरियाणा से 177 लोग जिले में लाए गए हैं। इन्हें विभिन्न सेंटरों में क्वारंटीन कराया जा चुका है। प्रशासन का मानना है कि मजदूर तबके के यह लोग दूसरे प्रांतों में कोई न कोई कामधंधा कर रहे थे। ऐसे में हर मजदूर किसी न किसी कार्य में पारंगत होगा। इसी कारण इनके हुनर की पड़ताल कराकर भविष्य में मनमाफिक रोजगार दिलाया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट चंदन पटेल ने बताया कि मजदूरों की सूची तैयार कराई जा रही है। इसमें उनके द्वारा किए जाने वाले कामों की जानकारी भी ली जा रही है। भविष्य में उन्हें रोजगार दिलाने में आसानी होगी।
दूसरे प्रांतों में फ ंसे लोगों के लिए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। उन्होंने बताया कि ऐसी शिकायतें आ रही है कि प्रशासन द्वारा दिये गए नंबरों से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। ऐसे समस्त श्रमिकों के परिजनों से अपील की कि वह हमारे टोल फ्र ी नंबर 9044484506 पर बात कर अपनी समस्या बता सकते हैं। वह शासन, प्रशासन से बात कर वापस उन्हें उनके परिजनों तक मिलाने का प्रबंध करेंगे।