फोटो-30-उन्नाव जंक्शन के सुंदरीकरण कार्यों के निरीक्षण के दौरान जानकारी लेते महाप्रबंधक उत्तर र
उन्नाव। रेलवे स्टेशन (उन्नाव जंक्शन) के दो साल बाद भी सुंदरीकरण कार्यों में सुस्ती देख उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने नाराजगी जताई। उन्होंने एक साल में काम पूरा कराने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही टिकट घर में टूटी दीवार की बाहर निकली सरिया की भी मरम्मत कराने के निर्देश स्टेशन अधिकारियों को दिए।
उन्नाव जंक्शन में वर्ष 2024 से 29.8 करोड़ से अमृत स्टेशन योजना के तहत सुंदरीकरण के कार्य चल रहे हैं। रविवार दोपहर करीब एक बजे स्टेशन पहुंचे उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने वेटिंग हॉल, स्वच्छ शौचालय, लिफ्ट, एस्केलेटर और स्वच्छ पेयजल को लेकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो साल बाद भी आधे काम पूरे न होने पर उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के ठेकेदार से नाराजगी जताई। कहा कि एक साल का समय और दिया जा रहा है। इस समयावधि में काम पूरा न हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने टिकट घर का भी जायजा लिया। यहां टूटी दीवार से बाहर निकली सरिया को गंभीर खतरा बताते हुए तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। महाप्रबंधक ने बताया कि निर्माण कार्यों के शुरुआती चरण में कुछ बाधाएं आई थीं, जिन्हें अब दूर कर लिया गया है। कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। हरदोई ओवरब्रिज पर फुटपाथ ब्रिज की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। उधर, दैनिक यात्री संघ के विधिक सलाहकार मुजतबा हैदर रिजवी भय्यू ने महाप्रबंधक को दिए गए पत्र में कोरोनाकाल में बंद सभी मेमो को संचालन शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा कानपुर से अयोध्या के बीच इंटरसिटी, कानपुर से बनारस के बीच पूर्व में चलने वाली वरुणा इंटरसिटी और बनारस से उज्जैन के बीच चल रही महाकाल एक्सप्रेस का स्टॉपेज कराने की भी मांग रखी।