सफीपुर में हुई खनन की जांच करते डीएम रवींद्र कुमार।
- फोटो : UNNAO
सफीपुर। मंगलवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मुंसिफ कोर्ट के लिए प्रस्तावित स्थल पर अवैध खनन की जांच की। वकीलों ने अवैध खनन की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। अवैध खनन में लेखपाल की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कोतवाली पुलिस भी जांच कर रही है।
सफीपुर में एसडीएम के लिए सरकारी आवास का निर्माण चल रहा है। निर्माणाधीन भवन के भरान के लिए खनन कर मिट्टी निकाली गई थी। इस पर अधिवक्ताओं ने आठ अगस्त को जिला जज को शिकायती पत्र देकर मुंसिफ न्यायालय के लिए प्रस्तावित भूमि से मिट्टी खनन कराए जाने का आरोप लगाया था। जिला जज की ओर से प्रशासन को उचित कार्रवाई किए जाने के लिए शिकायती पत्र को आगे बढ़ा दिया गया था।
जांच करने पहुंचे जिलाधिकारी ने संबंधित स्थान पर पहुंच कर अवैध खनन संबंधी निशान देखे। उप जिलाधिकारी राजेंद्र कुमार नेे बताया कि निर्माणाधीन आवास की भरान के लिए मुंसिफ कोर्ट के लिए प्रस्तावित जमीन से अलग खनन किया गया है। इस मामले की पहले भी मुंसिफ कोर्ट की ओर से जांच कराई जा चुकी है। नगर मजिस्ट्रेट भी जांच कर चुके हैं। इस संबंध में अधिवक्ता संघ के पूर्व महामंत्री शिवप्रकाश कुशवाहा ने बताया कि खनन किया गया है। इसलिए शिकायत करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का प्रयास किया जा रहा है।