पंचायतीराज विभाग कार्यालय में कोरोना किट खरीद के बारे में डीपीआरओ से जानकारी लेते उपनिदेशक एके ?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। कोरोना किट की निर्धारित कीमत से ज्यादा पर की गई खरीद की जांच के लिए पंचायतीराज उपनिदेशक स्थानीय कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पल्स ऑक्सीमीटर व इंफ्रारेड थर्मामीटर की खरीद की जानकारी ली। साथ ही डीपीआरओ से खरीद संबंधी सारे बिल वाउचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उपनिदेशक बिछिया के अलगनगढ़ ग्राम पंचायत गए और सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया।
पल्स ऑक्सीमीटर और इंफ्रारेड थर्मामीटर की वास्तविक दामों से दो से तीन गुना कीमत पर की गई खरीदारी की जांच करने उपनिदेशक एके सिंह उन्नाव पहुंचे। उन्होंने डीपीआरओ कार्यालय पहुंचकर आवश्यक प्रपत्र जुटाए। उपनिदेशक ने डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद यादव से खरीद के बारे में जानकारी ली। अब तक कितनी ग्राम पंचायतों में खरीद हुई है, बिल कितने के मिले हैं और कितने का भुगतान हुआ है इन बिंदुओं पर पड़ताल की। साथ ही खरीद संबंधी बिल और वाउचर तलब किए। उपनिदेशक ने बताया कि अभी पूरे साक्ष्य नहीं मिले हैं। लगभग 30 फीसदी प्रपत्रों पर तो खरीद के दाम मानकनुसार हैं। अन्य गांवों में हुई खरीद के जरूरी कागज लखनऊ मंगवाए हैं। जांच के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकेगा। यहां से निकलने के बाद वह बिछिया की ग्राम पंचायत अलगनगढ़ गए। वहां पर बन रहे सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। इसके बाद वहीं से सीधे लखनऊ रवाना हो गए।