नवाबगंज। घर से 55 किमी दूर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के मलांव गांव के जंगल में 25 वर्षीय युवक का शव बॉस के पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगाें के अलावा सोशल मीडिया की मदद से पुलिस ने पहचान कराई तो पता चला कि युवक के मानसिक बीमार होने से परिजन उसे अस्पताल में भर्ती कराने के लिए उसकी बुआ के घर छोड़ गए थे। बुआ के अनुसार मसाला खाने की बात कह वह घर से निकला था और लापता हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है।
औरास थाना क्षेत्र के बारादेव तोंदा निवासी धर्मेंद्र सिंह (25) पुत्र सत्यपाल सिंह पिछले कई साल से मानसिक बीमार चल रहा था। परिजन उसे किसी मानसिक अस्पताल में भर्ती कराने की सोच चार दिन पहले उसे अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज के देवीनगर मोहल्ला में रहने वाली बुआ के घर छोड़ गए थे। शुक्रवार सुबह उसका शव बुआ शांति के घर से 7 किमी दूर मलांव गांव के जंगल में बांस के सहारे लटका मिला। ग्रामीणाें की सूचना पर पहुंचे एसओ संतोष सिंह ने शव को नीचे उतारा और उसकी पहचान की कोशिश शुरू की। ग्रामीणों के पहचान न करने पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर वायरल की। जिस पर उसकी बुआ शांति और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और पहचान कर उसके घरवालों को जानकारी दी। बुआ के अनुसार धर्मेंद्र गुरुवार को गुटखा खाने की बात कहकर घर से निकला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है।