उन्नाव। स्वतंत्रता दिवस पर राजमार्ग पर वीआईपी व माननीयों को गड्ढों भरी सड़क पर हिचकोले न खाने पड़ें इसके लिए आनन-फानन आरओबी की सर्विस लेन की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया गया है। यहां पर तेजी से मिट्टी भरान का काम किया जा रहा है। इसके बाद इस पर डामरीकरण का कार्य भी होना है। हालांकि पहले यह काम आरओबी की स्लेब का काम पूरा होने के बाद होना था।
आगामी 15 तारीख को स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी लखनऊ से कानपुर व रायबरेली सहित अन्य कई जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में माननीयों व मंत्रियों को शामिल होने के लिए जाना होता है। उनके आवागमन को देखते हुए लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की उन्नाव बाईपास पर जर्जर सड़क की मरम्मत का कार्य निर्माणदायी कंपनी की ओर से आरओबी के कार्य के साथ ही शुरू करवा दिया गया है।
विभागीय सूत्रों की माने तो अभी इस सर्विस लेन का काम नहीं होना था। पहले आरओबी की स्लैब का काम पूरा करना था और फिर इसके बाद ही सर्विस लेन का निर्माण किया जाना था। लेकिन आने वाली 15 अगस्त को देखते हुए एनएचएआई अधिकारियों ने इस लेन पर बने गड्ढों को भरकर बराबर करने के आदेश दिए। इस कारण आरओबी के काम के साथ-साथ इस कार्य को भी शुरू करवा दिया गया है।