चकलवंशी। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बबुरिहा गांव के पास डीजल लेने जा रहे साइकिल सवार को डीसीएम ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर डीसीएम कब्जे में ले ली है।
माखी थानाक्षेत्र के गांव कोरारी कला में रहने वाले सुंदरलाल वर्मा (48) बबुरिहा गांव के निकट पेट्रोलपंप से डीजल लेने गया था। पेट्रोलपंप के ओर मुड़ते समय हरदोई से उन्नाव की ओर आ रही डीसीएम ने उसे रौंद दिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक डीसीएम खड़ी कर वहां से भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। मृतक के दो बेटे व दो बेटियां हैं, जिसमें लड़का सत्येंद्र (22), सत्यम (13), संध्या (19) व शिल्पी(16) हैं। पत्नी का नाम शिवप्यारी है। पोस्टमार्टम हाउस में जिला पंचायत सदस्य गोविंद यादव ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। एसओ माखी उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि मृतक के बेटे ने प्रार्थना पत्र दिया है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।