उन्नाव। अलग-अलग थाना क्षेत्र में सड़क हादसों में महिला अनुदेशिका समेत तीन लोगों को मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसों के बाद आक्रोशित भीड़ ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। अधिकारियों ने मुआवजा दिलाने और दोषी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देने पर लोग शांत हुए।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बस ने गौरियाकला गांव उच्च प्राथमिक विद्यालय में अनुदेशिका के पद पर तैनात शहर के मोहल्ला ईदगाह कॉलोनी की स्वाती कुशवाहा (35) सोमवार सुबह अपनी स्कूटी से स्कूल जा रही थी। फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र में तकिया-गौरियाकला मार्ग पर आगरा एक्सप्रेस वे के कर्मियों को सबलीखेड़ा साइट पर छोड़कर लौट रही प्राइवेट बस ने अनुदेशिका की स्कूटी में टक्कर मार दी।
इससे वह गिर गई और बस का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया। अनुदेशिका की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। सूचना पर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे और जाम लगा दिया। भीड़ ने बस में आग लगाने का भी प्रयास किया लेकिन लोगों ने समझाकर ऐसा करने से रोक दिया। सूचना पर बांगरमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
लोग किसी उच्चाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सीओ श्रीकांत प्रजापति काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत करा पाए। स्वाती के पिता रमेशचंद्र बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता रमेशचंद्र ने बताया कि स्वाती का पति रतनलाल के बीच विवाद चल रहा था। इसका मुकदमा न्यालाय में विचाराधीन है।
उधर, सोहरामऊ थानाक्षेत्र के गौरीसलोनेपुर निवासी योगेश उर्फ कल्लू रैदास (19) पुत्र अमृत लाल आम के बाग की सिंचाई के लिए सोमवार को डीजल लेने नवई पेट्रोल पंप गया था। सुबह लगभग दस बजे वह डीजल लेकर लौट रहा था। सुंदरदास बाबा कुटी के पास अजगैन की ओर से आ रहा ट्रक योगेश की साइकिल में पीछे से टक्कर मारते हुए निकल गया।
योगेश की मौत हो गई। हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इसी दौरान हसनगंज तहसील जा रहे सीडीओ संजीव सिंह की गाड़ी जाम में फंस गई। सूचना पर सीओ आरके सिंह अजगैन व हसनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष और पारिवारिक लाभ योजना के तहत आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया इसके बाद जाम खुला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक को पुलिस ने फरहदपुर के पास पकड़ लिया। योगेश की मां शांति ने बताया कि वह गुजरात के अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता था। वह छह महीने बाद रविवार को ही घर आया था और पंपसेट से आम के बाग की सिंचाई के लिए डीजल लेने जा रहा था।
उधर, पुरवा-मौरावां मार्ग पर मिहीखेड़ा के निकट जेसीबी ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें मौरावां के बैगांव निवासी अमित जयसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं पुरवा-उन्नाव मार्ग पर आलू मील के निकट राजाखेड़ा निवासिनी गोमती(45) पैदल बाजार जा रही थीं।
कुछ दूरी पर एक ट्रैक्टर बाजार जाने के लिए खड़ा था। उसी में वह बैठने लगीं। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे गोमती व बाइक सवार राजेश को चोट आ गई। दोनो को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।