सीईटीपी दही चौकी में लगी नई जेट एसपीरेटर मशीन।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। प्रदूषण फैलाने पर बंद कराई गई दहीचौकी व बंथर औद्योगिक क्षेत्र स्थित सीईटीपी में अपग्रेडेशन का काम 10 जुलाई तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद सीपीसीबी के अधिकारी दोनों सीईटीपी का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद ही बंद सीईटपी व टेनरियों को दोबारा चालू करने की अनुमति मिलेगी। सीईटीपी प्रबंधन सीपीसीबी के अधिकारियों को अपग्रेडेशन कार्य की जानकारी दे दी है।
एनजीटी ने वर्ष 2017 में सीईटीपी दही चौकी व बंथर को अनफिट करार देते हुए उन्हें अपग्रेड करने के निर्देश दिए थे। समय से सीईटीपी अपग्रेड न होने से पिछले महीने एनजीटी के आदेश पर सीपीसीबी की जांच में सीईटीपी से निकल रहे पानी में प्रदूषण की पुष्टि हुई। इसपर एनजीटी ने सीईटीपी बंथर व दही चौकी को अपग्रेड होने तक बंद रखने के निर्देश दिए।
साथ ही सीईटीपी से जुड़ी 41 टेनरियों को भी बंद करा दिया गया था। बंदी के बाद व्यापार को चौपट होने से बचाने के लिए टेनरी संचालकों ने अपने स्तर से करीब 4 करोड़ रुपये खर्च कर सीईटीपी को अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू की। यह प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। जिसमें बंथर व दही चौकी सीईटीपी में जेट एसपीरेटर, ब्लोअर, सरफेस एसपीरेटर लगाने का काम पूरा हो चुका है। बंथर सीईटीपी के मैनेजर राजीव रंजन ने बताया कि 10 जुलाई तक सीईटीपी अपग्रेड कर लिया जाएगा। सीपीसीबी को इस आशय से संबंधित पत्र भी भेज दिया गया है।
सीपीसीबी करेगी निरीक्षण
प्रदूषण फैलाने पर सीपीसीबी ने सीईटीपी में सुधार के निर्देश दिए थे। जिस पर अमल करते हुए नई मशीनें लगवा दी गई हैं। अब सीपीसीबी के अधिकारी दोनों सीईटीपी का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण में वह उन बिंदुओं पर जांच करेंगे जिनमें उन्होंने सुधार के निर्देश दिए थे। सब कुछ ठीक मिलने पर वह अपनी रिपोर्ट एनजीटी को देंगे। जिसके बाद टेनरियों व सीईटीपी को दोबारा शुरू किया जा सकेगा।
उम्मीद है बंदी से मिल जाएगी राहत
यूपी लेदर इंडस्ट्री एसोसिएशन (उन्नाव चैप्टर) के उपाध्यक्ष ताज आलम ने बताया कि उन्होंने आधुनिक मशीनें सीईटीपी में लगवा ली हैं। ऐसे में अब उम्मीद है कि सीपीसीबी व एनजीटी के आदेश पर बंदी से उन्हें राहत मिल जाएगी।