औरास सीएचसी में गर्भवतियों का ई-वाउचर जारी करतीं डॉ. चंद्रा कुमारी।
- फोटो : औरास सीएचसी में गर्भवतियों का ई-वाउचर जारी करतीं डॉ. चंद्रा कुमारी।
औरास (उन्नाव) । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से अप्रैल से अब तक गर्भवती महिलाओं के लिए ई- वाउचर योजना के तहत 1036 वाउचर जारी किए गए। इसमें से 376 गर्भवती महिलाओं ने निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर जांच कराई। इसका भुगतान सरकार की ओर से किया जाएगा।
सरकार की ओर से ई- वाउचर योजना चलाई जा रही है। इसमें जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं हैं। वहां गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड के लिए वाउचर जारी किए जाते हैं। इन्ही के माध्यम से गर्भवतिी महिलाओं को निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निशुल्क अल्ट्रासाउंड किया जाता है।
इस वर्ष नए सत्र में अप्रैल से जुलाई तक औरास सीएचसी से 1036 वाउचर जारी किए गए। इसमें से 376 गर्भवती महिलाओं ने सुविधा का लाभ लिया। शेष बची गर्भवती महिलाओं के समय से न पहुंचने व वाउचर का प्रयोग न करने से वाउचर की वैधता समाप्त हो गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप ने बताया कि गर्भवती महिलाएं सूचीबद्ध किसी भी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जाकर जांच करा सकती है।
क्षेत्र के दो अल्ट्रासाउंड सेंटर श्याम डायग्नोस्टिक और आरए हॉस्पिटल पंजीकृत हैं। यहां जाकर वह वाउचर दिखाकर जांच करा सकती है। इसके अलावा प्रत्येक माह की नौ तारीख को पीएमएसएमए दिवस पर सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्रत्येक माह की एक, 16 और 24 तारीख को स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर गर्भवती महिलाएं ई-वाउचर ले सकती हैं।
ऐसे मिलता है ई- वाउचर
गर्भवती महिलाओं को सीएचसी केंद्र पर जाकर पंजीकरण कराना होगा। यहां उन्हें ई-वाउचर दिया जाएगा। इसके बाद पंजीकृत जांच केंद्र में वह अपनी जांच करा सकती हैं। यह वाउचर एक माह तक मान्य रहेगा। इस अवधि में किसी दिन वह जांच करा सकती हैं।