बेहटामुजावर। दहेज की मांग न पूरी न होने पर पति सहित ससुरालीजनों ने महिला से गाली गलौज कर मारपीट क़ी। गर्भ में पल रहे बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर स्टांप पर हस्ताक्षर कराकर मारपीट कर घर से भगा दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित छह ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बांगरमऊ कस्बे के मोहल्ला मेमारनटोला निवासी महक ने शनिवार को तहसील दिवस में एसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि उसकी शादी पांच मई 2024 को बेहटामुजावर क्षेत्र के शेरपुरकला निवासी आकिब के साथ हुई थी। शादी में पति सहित ससुरालीजन दहेज से संतुष्ट न होकर बुलेट और एक लाख नकदी की मांग कर गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे।
पिता ने इंतजाम करके पति को 50 हजार रुपये देकर समझाया, लेकिन कुछ दिन बाद ही अन्य दहेज की मांग को लेकर फिर प्रताड़ित करने लगे। जब वह गर्भवती हुई तो ससुरालीजनों ने मिलकर उसे और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को जान से मारने की नियत से जहरीला पदार्थ खिला दिया। किसी तरह वह बची तो सभी लोगों ने उसे और गर्भ में पल रहे बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर सादे स्टांप पर हस्ताक्षर करा लिए।
दो दिन बाद ही गाली-गलौज, मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने मायके में बेटे को जन्म दिया। जिसका पति ने कोई खर्चा नहीं दिया। अब पति उसे घर में रहने नहीं दे रहे हैं। ससुरालीजन पति की दूसरी शादी बांगरमऊ कस्बे में ही कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि पति आकिब, ससुर इलियास, सास मेहरा जहां, देवर आसिक, जेठ साकिब, ननद शहस्ता पर दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।