उन्नाव। एक डंपर चालक की लापरवाही ने जिले में रात के अंधेरे में हो रहे मिट्टी के अवैध खनन की पोल खोल दी। हुआ यह कि शनिवार तड़के हरदोई की ओर से मिट्टी लेकर जा रहे चालक की लापरवाही से ओवरब्रिज ढाल के पास अचानक हाइड्रॉलिक लीवर दब गया और पूरी मिट्टी सड़क पर पलट गई। डंपर के डाले में फंसकर विद्युत लाइन के तार भी टूट गए गनीमत रही कि घटना के समय बिजली नहीं आ रही थी। सड़क पर मिट्टी फैलने से सुबह 6 से दस बजे तक भीषण जाम लगा रहा। नगर पालिका ने ट्रैक्टर-ट्राली लगाकर मिट्टी हटवाई और झाड़ू लगवाई।
शनिवार तड़के करीब पांच बजे हरदोई की ओर से बाइपास तिराहा की ओर जा रहे डंपर चालक की लापरवाही शहरियों के लिए कई घंटे मुसीबत बनी रही। डंपर चालक बिजली के तार तोड़ते हुए भाग निकला। कई ट्रॉली मिट्टी बीच सड़क पर गिर जाने से कुछ ही देर में जाम लग गया। इससे हरदोई की ओर से आने और हरदोई की ओर जाने वाले वाहनों की कई किमी लंबी लाइन लग गई और सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। एक तरफ बाइपास तक तो दूसरी ओर छोटा चौराहा और हरदोई मार्ग पर जाम लग गया। कई किमी लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर यातायात प्रभारी जेएन सिंह मौके पर पहुंचे और नगर पालिका ईओ से मिट्टी हटवाने में मदद मांगी और साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को सड़क पर टूटकर गिरी विद्युत लाइन ठीक कराने को कहा। नगर पालिका ईओ उमेश मिश्रा ने ट्रैक्टर-ट्राली और जेसीबी भेजकर मिट्टी हटवाई और एसडीओ गौरव तिवारी ने सड़क पर टूटकर गिरी विद्युत लाइन किनारे कराई इसके बाद कुछ राहत मिली। यातायात पुलिस ने कई घंटे पसीना बहाया तब जाकर सुबह दस बजे यातायात सामान्य हो पाया। शहर कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि घटना के बाद चालक डंपर समेत भाग निकला था। उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डंपर चालक के सामने आने पर ही वैध या अवैध खनन की स्थिति साफ हो सकेगी।