सफीपुर/फतेहपुर चौरासी। तालाब की भूमि पर बने अवैध निर्माण को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व व पुलिस ने जेसीबी से गिरा दिया।
तहसील क्षेत्र के तकिया चौराहे के नजदीक पतौली ग्राम पंचायत में बंजर भूमि का पट्टा वर्ष 1975 में लल्लू, केशव, रामस्वरूप, कमलेश, हफीज, मजीद, शंकर, जयकेशन और बाबू को किया गया था। पट्टा करते समय बंजर भूमि के साथ तालाब की भूमि को भी शामिल कर लिया गया था। इसका वाद एडीएम न्यायिक की कोर्ट में चल रहा था। कोर्ट ने बंजर भूमि के साथ तालाब के अंश को शामिल करना गलत ठहराया।
निर्णय के आधार पर एसडीएम नवीन चंद्र ने कब्जा जमाए लोगों को बेदखल करने का आदेश दिया। रविवार को सफीपुर नायब तहसीलदार धीरज त्रिपाठी व लेखपाल विशाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी से तालाब की जमीन पर बने रुकैया पत्नी आरिफ के साथ गोवा व नफीस के पक्के निर्माण गिरवा दिए। वहीं, मुन्ना बावन, दिलशाद, मौलाना रफीक के आंशिक निर्माण को जेसीबी से ढहा कर जमीन को मुक्त कराया। एसडीएम ने बताया कि पट्टाधारक आठ लोगों ने भूमि को बेच दिया था। मौके पर गिराए गए सभी भवन ऐसे लोगों के हैं जिन्होंने बिना पुष्टि के विवादित भूमि को क्रय किया था।