फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने वाली महिला ने तोड़ा दम

विज्ञापन
विज्ञापन
पुरवा। पेट्रोल डालकर आग लगाने वाली महिला की शनिवार रात लखनऊ केजीएमयू में शनिवार रात डेढ़ बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पांच दिनों से जिंदगी मौत से जूझ रही थी। मौत की सूचना पर सीओ व एसओ मौके पर पहुंचे। मृतका के मायके पक्ष के साथ ससुराल से भी चचिया ससुर, चचेरे जेठ सहित अन्य परिजन पहुंचे। रविवार को मायके पक्ष के लोगों ने कानपुर शिवराजपुर के छीरेश्वर घाट में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के गांव छत्ताखेड़ा निवासी अंजली (32) पति देशराज ने 28 जुलाई को पुलिस को तहरीर दी थी कि उसने 24 अप्रैल 2022 को प्रेम विवाह किया था। आरोप था कि शादी के कुछ समय बाद से मायके से दहेज लाने की बात कह ससुरालीजन प्रताड़ित करने लगे थे। आए दिन होने वाले विवाद को देखते हुए पति उसे दही चौकी में किराए पर लाकर रहने लगा था। डेढ़ महीने पहले पति उसे फिर ससुराल लेकर चला गया था। तबसे सभी प्रताड़ित कर रहे थे। ससुरालीजनों पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़िता ने तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा की मदद ली थी। 30 जुलाई को तहरीर के आधार पर पति, देवर बबलू उर्फ कुलदीप, सास रामकुमारी, देवरानी शालिनी और नाबालिग भांजे पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही थी। इस पर पीड़िता ने तीन अगस्त को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को प्रार्थनापत्र दिया था। डीएम से शिकायत के बाद पांच अगस्त को पति और देवर को एसडीएम न्यायालय से शांतिभंग में कार्रवाई कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। सास, देवरानी और नाबालिग भांजे को जेल न भेजने से नाराज महिला ने छह अगस्त को लखनऊ में सीएम आवास के बाहर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था। गंभीर हालत में उसे लखनऊ किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सात अगस्त को महिला की सास रामकुमारी को पुलिस ने एसडीएम के समक्ष पेश किया था। उम्र अधिक होने से उसी दिन वृद्धा को जमानत दे दी गई थी। महिला के 80 फीसदी जल जाने से डॉक्टरों ने उसे वेंटीलेटर पर रखा था। बाद में दोनों किडनी खराब होने से दो दिन पहले डायलिसिस चलने लगी थी। शनिवार रात 1:30 बजे महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना पर सीओ बांगरमऊ अरविंद चौरसिया व कोतवाल पुरवा कुंवर बहादुर सिंह अस्पताल पहुंचे। वहां मृतका के मायके कानपुर शिवराजपुर के मक्कापुरवा निवासी भाई शीलू, मां लक्ष्मी और ससुराल पक्ष से चचिया ससुर राजेश, शिवपाल, चंद्रपाल, चचेरे जेठ प्रहलाद और रोहित भी पहुंच गए। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम हाेने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने शिवराजपुर के छीरेश्वर घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाल ने बताया कि महिला की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार किया है।


पुलिस हिरासत में है आत्मदाह के लिए उकसाने वाले अधिवक्ता
घटना की जांच कर रही लखनऊ पुलिस ने जब मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई थी तो उसमें तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा की रिकॉर्डिंग मिली थी। जिसमें वह महिला से पेट्रोल लेकर विधानसभा के बाहर आत्मदाह करने और पुलिस पर आरोप लगाकर एससीएसटी की रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दे रहे हैं। रिकॉर्डिंग मिलने के बाद लखनऊ पुलिस ने सात अगस्त को अधिवक्ता को दरोगाबाग स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था।
विज्ञापन



पेट्रोल पंप संचालक पर कार्रवाई के लिए एसडीएम, सीओ ने डीएम को भेजी रिपोर्ट

महिला ने सरसों बेचकर आत्मदाह करने के लिए पुरवा कस्बे के आयवर्त पेट्रोल पंप से पिपिया में पेट्रोल लिया था। घटना के बाद पुलिस को सीसीटीवी की जांच में यह पता चला था। शासन के निर्देशानुसार पिपिया में किसी को पेट्रोल नहीं दिया जाना है। उसके बाद भी नियमों का उल्लंघन किया गया। सीओ और एसडीएम ने अपनी संयुक्त जांच रिपोर्ट डीएम के यहां भेजी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें