गंगाघाट थाना क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले में अधेड़ ने जमीन बेचने के बाद रकम न मिलने पर फ ांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची गंगाघाट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
आजाद नगर निवासी चुन्नीलाल(50) पुत्र स्व. जुगराज का शव उसके कमरे में अंगोछे के सहारे छत पर लगे कुंडे से लटका हुआ देख आस-पास के लोगों ने मामले की जानकारी गंगाघाट पुलिस को दी। वहीं सूचना पर खेत से लौटी मृतक की पत्नी सुखराना ने बताया कि पति ने कुछ दिन पहले ही रौतापुर स्थित गांव की दो विस्वा जमीन गंगाबैराज निवासी चंदा व कल्लू पुरवा निवासी गेंदे को 2 लाख 60 हजार रुपये में बेची थी। चंदा और गेंदे ने लिखापढ़ी करा ली लेकिन रुपये कुछ दिन बाद में देने की बात कही थी। इसी बीच पति को रुपयों की जरूरत पड़ी तो उसने एक बैंक से 45 हजार लोन ले लिया था। करीब एक माह बीतने के बाद भी जब उसे जमीन के रुपये नहीं मिले तो वह तनाव में रहने लगे। आज सुबह वह खेत पर काम करने गई थी। पति घर पर अकेले थे, सूचना मिली की पति ने फ ांसी लगा ली।