औरास में आगरा एक्सप्रेस-वे पर महंत की क्षतिग्रस्त कार को हटाती क्रेन।
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार कार डिवाइडर से भिड़ गई। हादसे में कार सवार मां-बेटे व चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि महंत सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त कार को हटा रही क्रेन देखने के लिए लखनऊ की ओर जा रहे एक कार चालक ने रफ्तार कम की तो पीछे से आ रही बस कार में भिड़ गई। इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को औरास पीएचसी से लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मैनपुरी की पत्थर मंडी निवासी निरुपमा वर्मा (52) पत्नी गंगा प्रसाद वर्मा, बेटा अनमोल (13) बेटी खुशी (12) भतीजी लिटिल उर्फ शिवाली (15) पुत्री संजय व लखनऊ के अलीगंज पुराना हनुमान मंदिर के महंत गोपालदास गुप्ता (55) और बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद निवासी कार चालक राजेंद्र (35) पुत्र रामखेलावन के साथ गुरुवार को बाला जी के दर्शन करने गए थे। जयपुर से करीब चार क्विंटल वजन की शनि देव की मूर्ति (शिला) कार में ही रखकर शुक्रवार को लखनऊ लौट रहे थे। रात करीब 2:45 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर औरास थानाक्षेत्र में सई नदी पुल पहुंचे थे तभी कार चालक राजेंद्र को झपकी आ गई।
इससे तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में निरूपमा वर्मा, बेटा अनमोल और कार चालक राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि महंत गोपालदास गुप्ता, निरुपमा की बेटी खुशी और भतीजी लिटिल गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर औरास थानाध्यक्ष कमलेश्वर यादव और डायल 100 की पीआरवी मौके पर पहुंची। एसओ ने पीआरवी, एंबुलेंस स्टाफ और सिपाहियों की मदद से कार में फंसे महंत सहित तीन लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और सभी को औरास पीएचसी पहुंचाया। एसओ की ओर से बार-बार सूचना देने के बाद भी घटना स्थल से करीब 25 किमी की दूर टोल बैरियर पर खड़ी यूपीडा की क्रेन हादसा होने के करीब दो घंटे बाद पहुंच पाई। उधर महंत गोपालदास, खुशी और लिटिल की गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस इस हादसे से फुर्सत भी नहीं पा पाई थी कि करीब पांच बजे आगरा से लखनऊ की ओर जा रही वैगनआर के चालक ने दुर्घटनाग्रस्त कार हटा रही क्रेन को देखने के लिए अचानक कार धीमी कर दी। इससे पीछे से चल रही वॉल्वो बस कार में भिड़ गई। इस हादसे में कार सवार प्रतापगढ़ जिले के थाना लालगंज के कोठरा निवासी आफताब (35), समद अली (25), नावेद (22), प्रतापगढ के रानीगंज निवासी जायरीना बनो (35) पत्नी जाकिर अली, बहन कुशनूर बानों (18) पुत्री जमील हमर, जैद (12), सैफ (10) पुत्र जाकिर अली और कार चालक जमील घायल हो गए। पुलिस ने पीएचसी में भर्ती कराया बाद में सभी को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।