सदर कोतवाली के लखनऊ बाईपास पर पकड़ी गई हूटर लगी गाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव/सफीपुर। आचार संहिता लगने के बाद भी कसबे के सैय्यदवाड़ा में बांटे जा रहे कंबलों की सूचना पर एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे और दो लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों के पहुंचने से पहले लगभग सौ कंबल बांटे जा चुके थे। पकड़े गए युवकों को पुलिस कोतवाली ले आई। सदर कोतवाली क्षेत्र के हरदोई पुल पर सीओ हृदेश कठेरिया व कोतवाली प्रभारी आईपी सिंह के नेतृत्व में वाहनों की चेकिंग की गई।सफीपुर कसबे के सैय्यदवाड़ा मोहल्ला निवासी राजनीतिक पार्टी से जुड़े मोहसिन रजा के बैनर तले मतदाताओं को लुभाने के लिए कंबलों का वितरण किया जा रहा था। कंबल वितरण की जानकारी मिलने पर एसडीएम पूजा अग्निहोत्री व सीओ अशोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और 79 कंबलों को कब्जे में लिया। साथ ही दो लोगों के कोतवाली ले आईं। कोतवाली प्रभारी हनुमान पांडेय ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।
गंजमुरादाबाद प्रतिनिधि के अनुसार, गुरुवार रात नगर पुलिस चौकी पर एसडीएम इंद्रसेन यादव व सीओ रामअर्ज के नेतृत्व में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने एक कार से वाहन सामग्री मिलने पर उसका चालान कर दिया गया।सोहरामऊ प्रतिनिधि के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद भी सत्तापक्ष के प्रत्याशी के वाहन में हूटर व पार्टी का झंडा लगा होने पर पुलिस ने रोक लिया। इस पर प्रत्याशी व पुलिस में झड़प भी हुई। पुलिस ने वाहन का चालान कर दिया। सदर कोतवाली के लखनऊ बाईपास पर हूटर लगे वाहन को पुलिस ने रोका और गाड़ी के कागज चेक किए। फर्जी हूटर लगा होने पर गाड़ी का चालान कर दिया।