उन्नाव। हिलौली व लउवासिंहनखेड़ा को नगर पंचायत बनाने की संभावनाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। जिला प्रशासन ने निकायों के मानक पूरे न कर पाने की रिपोर्ट शासन को भेजी है। ऐसे में दोनों फिलहाल ग्राम पंचायतें ही बनी रहेंगी।
ग्राम पंचायत लउवासिंहन खेड़ा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व पद्मश्री से सम्मानित ह्रदयनारायण दीक्षित का पैतृक ग्राम पंचायत है। यह ग्राम पंचायत हिलौली विकासखंड क्षेत्र में आती है। हिलौली ग्राम पंचायत भी है। तीन साल पहले हिलौली व लउवासिंहन खेड़ा को नगर पंचायत बनाने की कवायद शुरू हुई थी। हालांकि उस समय मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। इधर, ग्राम पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हुई तो पूर्व में नगर पंचायतों के लिए भेजे गए प्रस्तावों की पत्रावलियों की खोजबीन शुरू हुई। पिछले माह शासन ने जिला प्रशासन को भेजे गए पत्र में दोनों ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत बनाने की संभावनाओं को लेकर रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए थे। कलक्ट्रेट सूत्रों के अनुसार प्रशासन द्वारा क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर रिपोर्ट मांगी गई थी। अधिकारियों ने जो रिपोर्ट दी उसमें दोनों को नगर पंचायत बनाए जाने की संस्तुति नहीं की। रिपोर्ट में बताया कि दोनों ग्राम पंचायतों निकायों के आबादी के मानकों को पूरा नहीं कर पा रही हैं। इसलिए नगर पंचायत नहीं बनाया जा सकता है।
एडीएम (न्यायिक) व निकाय प्रभारी अमिताभ यादव ने बताया कि दोनों ग्राम पंचायतें निकायों के मानकों को पूरा नहीं कर रही हैं। इसलिए इसकी रिपोर्ट बनाकर शासन को भेज दी गई है।