उन्नाव। लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों के लिए बनाए गए डायवर्जन प्लान पर ठीक से अमल नहीं होने से हाईवे पर हर रोज चार से आठ घंटे तक जाम लग रहा है। हालांकि, पुल बन जाने के बाद गदनखेड़ा बाईपास चौराहा पर जाम से राहत मिल गई है, लेकिन पुरवा मोड़ पर समस्या बनी हुई है। अव्यवस्था की वजह से लोग हर रोज लंबा जाम झेल रहे हैं। एसपी ने पुरवा मोड़ पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाकर यातायात सामान्य रखने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि लखनऊ और कानपुर के बीच एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है। लखनऊ में बनी से कटी बगिया तक हाईवे की सड़क के बीच पिलर और स्लैब का काम चलने से जुलाई 2023 से रोजाना लखनऊ से नवाबगंज टोल प्लाजा तक जाम लगने लगा था। रात 10 बजे से लखनऊ में भारी वाहनों की नो एंट्री खत्म होने के बाद से सुबह 10 बजे तक हालात बदतर रहते थे।
इस समस्या से निपटने के लिए 23 सितंबर-2023 को पुलिस लाइंस में उन्नाव, लखनऊ, कानपुर, कानपुर देहात, रायबरेली और फतेहपुर के पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि एक अक्तूबर से इटावा और औरैया की तरफ से आने वाले भारी वाहनों (माल वाहक वाहनों) को कानपुर देहात के सिकंदरा से डायवर्ट कर भोगनीपुर, घाटमपुर होते हुए फतेहपुर से लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह हमीरपुर और महोबा की ओर से आने वाले वाहनों को भोगनीपुर से घाटमपुर की तरफ भेजा जाएगा। उन्नाव में गदनखेड़ा चौराहा से रायबरेली हाईवे से बिहार होते हुए लखनऊ और दही चौकी तिराहे से पुरवा, मौरावां, मोहनलागंज होते हुए लखनऊ भेजा जाएगा।
शुरुआती दिनों में डायवर्जन प्लान पर ठीक ये अमल किया गया। बाद में सब पुराने ढर्रे पर आ गया। इस वजह से हालात बदतर हो गए हैं। कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन उन्नाव पहुंच रहे हैं। इन वाहनों को दही थाना क्षेत्र में पुरवा मोड़ से मौरावां-पुरवा-मोहनलालगंज के रास्ते लखनऊ भेजा जा रहा है।
भारी वाहनों के पुरवा मोड़ से घूमते समय लखनऊ की ओर से आ रहे वाहनों का आवागमन रोकना पड़ता है। इस कारण रोजाना घंटों यातायात बाधित हो जाता है और जाम लग जाता है। पहले निकलने की होड़ में जाम और उलझ जाता है। इसे खुलवाने में पुलिस पसीना बहाती है। ट्रैफिक लोड बढ़ने से रविवार सुबह पांच से आठ बजे तक यातायात रेंगता रहा। यातायात पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
-
कानपुर में रोक न लगने से हो रही मुश्किल
ट्रैफिक डायवर्जन में कानपुर से बहुत सहयोग नहीं मिल रहा है। इस पर कई बार बात भी की गई है लेकिन सार्थक परिणाम नहीं आए हैं। कानपुर और लखनऊ के उच्चाधिकारियों को समस्या को लेकर पत्राचार भी हुआ है। भारी वाहनों को उन्नाव की ओर भेज दिए जाने से यहां के डायवर्जन प्वाइंट पर ट्रैफिक लोड बढ़ गया है।
-
पुरवा मोड़ पर सबसे ज्यादा समस्या है। अभी तक जो वाहन गदनखेड़ा से रायबरेली हाईवे पर मोड़ दिए जाते थे वह भी अब सीधे पुल से निकल कर पुरवा मोड़ पहुंच जाते हैं। दोनों तरफ के यातायात को बारी-बारी रोककर निकाला जाता है। यहां अतिरिक्त पुलिस कर्मी लगाए गए हैं। छोटे वाहनों के लिए बनाई गई सर्विस रोड पर भारी वाहन खड़े हो जाते हैं। उन्हें दिन भर हटवाया जाता है और चालान भी किए जाते हैं। अगर स्थिति नहीं सुधरी तो पीक आवर्स में गदनखेड़ा चौराहा पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी।
- भवन सिंह मौर्य, यातायात प्रभारी उन्नाव
23 सितंबर 2023 को तय हुआ प्लान...
- झांसी व दिल्ली रूट से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर देहात के भोगनीपुर से घाटमपुर की तरफ डायवर्ट कर, चौडगरा, रायबरेली, बछरावां होते हुए मोहनलालगंज से लखनऊ भेजना है।
- हमीरपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर नगर के घाटमपुर से, चौडगरा, रायबरेली, मोहनलालंगज होते हुए लखनऊ भेजा जाना है।
- झांसी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर के रामादेवी चौराहे से चौडगरा की तरफ डायवर्ट करते हुए मोहनलालगंज से लखनऊ भेजने का रूट तय हुआ था।
- कानपुर से उन्नाव की ओर आने वाले भारी वाहनों को दही चौकी से पुरवा मार्ग पर डायवर्ट किया जा रहा है। यह वाहन पुरवा, मौरावां, गुरुबक्शगंज, बछरावां और मोहनलालगंज होते हुए लखनऊ जा रहे हैं।
-दिल्ली और आगरा की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से लखनऊ भेजने का प्लान तय किया गया था।