फतेहपुर चौरासी। तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर खंती में पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में एक बकरी मिलने पर जांच की तो सवार लोगों के बकरी चोर होने का पता चला। पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी भाग निकला।
लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर तकिया के पास हादसा होने की जानकारी पर पहुंचे एसआई रविशंकर मिश्र ने कार को सीधा कराया। कार में फंसे हरदोई जिले के संडीला थानाक्षेत्र के किसान टोला निवासी मो. सलमान और औरास थानाक्षेत्र के शीशी गांव निवासी शमशाद को बाहर निकाला। कार में एक बकरी भी थी, उसके मुंह पर टेप लगा था। यह देख पुलिस को शक हुआ। दोनों को युवकों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो बकरी चोरी की निकली।
एसआई ने बताया कि आरोपियों ने 30 अप्रैल की रात आसीवन के मोहल्ला अफगान कस्बा निवासी अनवर शाह की बकरी चोरी की थी। चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज है। गाड़ी पलटने के बाद तीसरा आरोपी फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के जिगनियां निवासी फुरकान भाग निकला। एसओ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि चोरों को जेल भेजा गया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
मारपीट में तीन पर रिपोर्ट
हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के सलखेमऊ मोहल्ला निवासी मनीष पुत्र राम खेलावन का चार मई को तिलक है। उसी की तैयारी में वह शुक्रवार सुबह दरवाजे के बाहर सफाई कर रहा था। तभी पड़ोस के सोनू, नरेश और वीरेंद्र ने रंजिश में गाली-गलौज की। पीड़ित के मना करने पर एकजुट होकर सिर पर डंडे से वार कर घायल कर दिया। कोतवाल संदीप मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन पर मारपीट और अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। (संवाद)