बेहटा मुजावर। थानाक्षेत्र के शेरपुरकला-डकौली मार्ग के मोड़ पर मंगलवार रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की डूबकर मौत हो गई। एक मृतक के पिता ने जमीन के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
थाना की ग्राम पंचायत तकिया निगोही गांव के मजरा अतरी निवासी विनोद पाल (26) पुत्र नंदलाल लुधियाना में पेंटिंग का काम करता था। एक महीने पहले घर आया था। मंगलवार रात आठ बजे गांव के दोस्त अजय पाल (26) पुत्र छोटेलाल के साथ अपनी बाइक से शेरपुर कला गांव गया था। रात करीब नौ बजे घर लौटते समय शेरपुर कला गांव के मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। राहगीरों की नजर पड़ी तो विनोद को नहर से निकाल कर परिजनों को सूचना दी।
इसी बीच पुलिस भी मौके पहुंची और विनोद को एंबुलेंस से बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। करीब एक घंटे तलाश के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर विनोद का शव मिला। विनोद की पत्नी रेखा, पिता नंदलाल व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि विनोद की बेटी लक्ष्मी (7), बेटा आर्यन (5), दिवान (4) है। वहीं, अजय की मौत से मां मुन्नीदेवी व अन्य परिजन बेहाल हो गए। मृतक अविवाहित था। बड़े भाई जितेंद्र व धर्मेंद्र पंजाब में रहते हैं। अजय गांव में रहकर पिता के साथ खेती करता था। अजय के पिता छोटेलाल ने परिवार में चल रहे जमीन के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। थानाप्रभारी मुन्ना कुमार ने बताया कि बाइक तेज रफ्तार होने से नहर में गिरने का अंदेशा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।