सोनिक। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सोनिक पावर हाउस के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, उसका साथी घायल हो गया।
सदर कोतवाली के पीतांबर नगर मोहल्ला निवासी अर्पित (22) पुत्र बबलू सीसीटीवी लगाने का काम करता था। शनिवार शाम वह दही थानाक्षेत्र के राजेपुर निवासी दोस्त शीबू (24) पुत्र देशराज के साथ अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवई घूमने जाने की बात कहकर निकला था। शनिवार शाम 7:30 बजे लौटते समय लखनऊ-कानपुर हाईवे के पावरहाउस के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना में बाइक चला रहा अर्पित उछलकर कानपुर-लखनऊ लेन पहुंच गया, तभी वाहन ने उसे कुचल दिया। जबकि साथी शीबू घायलावस्था में डिवाइडर पर पड़ा रहा।
पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। बेटे की मौत की सूचना पर पिता और भाई अंकित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, शव देख चीख पुकार मच गई। पिता रिक्शा चलाते हैं। दही थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। किस वाहन ने टक्कर मारी, उसका पता लगाया जा रहा है।