कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में एसडीएम सत्यप्रिय सिंह, सीओ कृपाशंकर व व्यापारी।
- फोटो : UNNAO
सफीपुर। कस्बे को जाम से निजात दिलाने के नई व्यवस्था लागू की गई है। अब दिन में कस्बे में भारी वाहनों पर रोक रहेगी।
एसडीएम सत्यप्रिय सिंह ने व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों के दिन में प्रवेश पर रोक रहेगी। राहतगंज बाजार व परियर सहित अन्य मार्गों पर अनाधिकृत रूप से दुकानदारों द्वारा रोड पर सामान रखने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई।
चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी दुकानदार के सामने अनाधिकृत रूप से गाड़ी खड़ी पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदार लोडिंग व अनलोडिंग करने का समय सुबह निर्धारित करें। सीओ कृपाशंकर ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की।
चेयरमैन नसीम अहमद ने दुकानदारों से कूड़ा दुकानों के बाहर न फेंकने को कहा। कहा कि जब डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाड़ी पहुंचे तो कूड़ा उसमें ही डालें। व्यापारियों ने नगर में सफाई न होने की शिकायत की। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम करने की मांग की। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन पति हरिशरण लाला, उत्तम, सर्वेश गुप्ता, अभिजीत सिंह कुशवाहा, राजीव गुप्ता मौजूद रहे।