उन्नाव। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में बिछिया व सफीपुर ब्लॉक में दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के घर पहुंची। दोनों मरीजों के परिवार व आसपास रहने वाले 40 लोगों के सैंपल लिए। सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। जिले में अब तक डेंगू के 66 मरीज मिल चुके हैं।
सफीपुर ब्लॉक के गांव पारा निवासी राजेंद्र प्रसाद (40) पुत्र जगन्नाथ व बिछिया ब्लॉक के गांव कुइथर निवासी अंशू (18) पुत्र शैलेंद्र को काफी समय से बुखार आ रहा था। डेंगू की आशंका जताते हुए सीएमओ ने 25 अक्तूबर को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल सैंपल जांच के लिए भेजे थे। शुक्रवार को आई 15 सैंपलों की रिपोर्ट में दोनों पॉजिटिव मिले हैं। अन्य बुखार मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य टीम को दोनों मरीजों के गांव भेजा गया था। दोनों मरीजों के परिवार व आसपास 50 घरों में रहने वाले 40 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।