उन्नाव। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद स्वास्थ्य विभाग 19 सितंबर से फिर से मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन करने जा रहा है। कोरोना संक्रमण के चलते आठ महीने से बंद चल रहा था। आरोग्य स्वास्थ्य मेले में संक्रामक बीमारियों से पीड़ित मरीजों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्राें में प्रत्येक रविवार को लगने वाला मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला कोरोना संक्रमण के चलते फरवरी महीने में बंद कर दिया गया था। इससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
अब संक्रमण कम होने के बाद अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद के निर्देश पर फिर से आरोग्य स्वास्थ्य मेला शुरू होने जा रहा है। स्वास्थ्य मेले में कोविड हेल्प डेस्क बनाना अनिवार्य किया गया है। आयुष्मान योजना के तहत कार्ड भी बनाए जाएंगे।