सफीपुर। बिना पंजीकरण पॉली क्लीनिक संचालन की मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत होने के बाद एसडीएम व सीएचसी अधीक्षक ने जांच की। उन्हें पंजीकरण का कोई प्रपत्र नहीं मिला। पॉली क्लीनिक में तैनात स्टॉफ भी प्रशिक्षित नहीं पाया गया। पॉली क्लीनिक को बंद कराकर संचालक को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा गया है।
कस्बा निवासी अमन कुमार चकलवंशी में कुशवाहा पॉली क्लीनिक का संचालन करते हैं। बिना पंजीकरण पॉली क्लीनिक संचालन की शिकायत किसी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। वहां से सीएमओ कार्यालय पत्र पहुंचने के बाद गुरुवार को एसडीएम राजेंद्र कुमार व सीएचसी प्रभारी राजेश वर्मा पॉली क्लीनिक का निरीक्षण करने पहुंचे। पॉली क्लीनिक में स्वतंत्र कुमार, पूजा व गीता काम करते मिले। उनका कोई शैक्षिक प्रमाणपत्र वहां नहीं लगा मिला। पॅाली क्लीनिक के पंजीकरण की जानकारी ली तो वह भी नहीं दिखाया जा सका। चिकित्सा प्रभारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि निरीक्षण में जो भी कमियां मिली हैं उन सभी बिंदुओं पर संचालक से 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।