नवाबगंज सीएचसी में बुजुर्ग महिला के कोविड वैक्सीन लगाती स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। पर्याप्त वैक्सीन मिलने का दावा करने के बाद भी कई केंद्रों से लोगों को बिना टीका लगवाए लौटना पड़ा। फतेहपुर चौरासी और पुरवा में वैक्सीन खत्म हो गई।
फतेहपुर चौरासी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण के लिए कोविशील्ड की 800 डोज भेजी गई थीं। यहां सीएचसी सहित सात केंद्रों पर टीकाकरण की शुरुआत हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर डेढ़ बजे ही वैक्सीन खत्म होने से 80 लोगों को बिना टीका लगवाए ही वापस लौटना पड़ा। इसी तरह पुरवा तहसील क्षेत्र में सीएचसी सहित नौ स्थानों पर कोविड टीकाकरण किया गया। 1000 डोज वैक्सीन स्वास्थ्य केंद्र भेजी गई थी। वैक्सीन खत्म होने से सीएचसी से 25, शीतलगंज मे 28, दलीगढ़ी से 20 व पश्चिमटोला से 15 लोगों को बिना टीका लगाए ही वापस लौटना पड़ा।
जिले के 19 स्थानों पर हुए टीकाकरण में 15547 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें सबसे अधिक 1310 लोगों ने अचलगंज स्वास्थ्य केंद्र में टीका लगवाया। मंगलवार देर रात स्वास्थ्य विभाग को कोविशील्ड की 18,200 डोज मिलने के बाद बुधवार को टीकाकरण अभियान में तेजी आई। सभी बूथों का संचालन करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी महाअभियान चला। बीस केंद्रों पर हुए टीकाकरण में अचलगंज में 1310, पुरवा 1100 व बीघापुर में 1097 लोगों ने टीका लगवाया। मियागंज में 1096, बांगरमऊ में 1081 व गंजमुरादाबाद में 1065 को टीका लगा। सिकंदरपुर सरोसी में 1054, नवाबगंज में 1029, हिलौली में 960 लोगों को टीका लगाया गया। असोहा में 930 व बिछिया सीएचसी में 894 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। सुमेरपुर में 762, जिला अस्पताल में 711, औरास मेें 676, फतेहपुर चौरासी में 634, सफीपुर में 203 लोगों को वैक्सीन लगी।