उन्नाव। जिले में वैक्सीन खत्म होने पर बुधवार को सीएचसी में टीकाकरण नहीं हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में भी महाअभियान ठप रहा। जिला अस्पताल व मोतीनगर अरबन सेंटर में सिर्फ 518 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी।
टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ने के बाद अब वैक्सीन न मिलने से लोगों को टीकाकरण केंद्र से निराश होकर लौटना पड़ रहा है। मंगलवार को 8800 डोज वैक्सीन मिलने के बाद नौ स्थानों पर ही टीकाकरण हुआ था। स्वास्थ्य विभाग के पास सर्फ 55 वायल वैक्सीन बचने से बुधवार को जिला पुरुष व महिला अस्पताल के साथ मोतीनगर स्थित अरबन सेंटर पर ही टीकाकरण किया गया। इसमें जिला पुरुष अस्पताल में 300, महिला अस्पताल में 218 व अरबन सेंटर में 50 लोगों के वैक्सीन लगी। मोतीनगर में दोपहर से पहले ही वैक्सीन खत्म हो जाने से टीका लगवाने आए लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
पुरवा/मौरावां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पांच दिन से वैक्सीन न होने से ग्रामीणों को टीका नहीं लग पा रहा है। बुधवार को सीएचसी में कई लोग टीका लगवाने के लिए पहुंचे। वैक्सीन न होने पर लौट गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि वैक्सीन शनिवार को खत्म हो गई थी। डिमांड भेजी गई है। सोमवार तक वैक्सीन आने की उम्मीद है। यही हाल हिलौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का रहा। यहां टीका लगवाने आए लोग लौटे। पीएचसी प्रभारी डॉ. राकेश यादव ने बताया कि चार दिन से वैक्सीन खत्म है।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि वैक्सीन के लिए मांग कर दी गई है। उम्मीद है कि गुरुवार सुबह तक कोविशील्ड के 10 हजार डोज मिल जाएंगे। वैक्सीन मिलने पर जिला अस्पताल के साथ अचलगंज, बीघापुर, सुमेरपुर, हिलौली, पुरवा, बिछिया असोहा व शुक्लागंज में टीकाकरण किया जाएगा।