उन्नाव। कई केंद्रों पर वैक्सीन खत्म होने से लोगों को बिना टीका लगवाए लौटना पड़ा। कई केंद्रों पर भीड़ अधिक होने से लोग लौट गए। जिला अस्पताल में भी टीकाकरण कराने के लिए अफरा तफरी का माहौल रहा।
पुरवा ब्लॉक क्षेत्र में सीएचसी के साथ चमियानी, सिंघपुर व बेहटा भवानी गांव में टीकाकरण किया गया। यहां टीकाकरण के लिए कोविशील्ड की 400 वायल मिली थीं। तीन दिन चले टीकाकरण में 4000 लोगों को टीका लगाया गया। मंगलवार को दोपहर बाद वैक्सीन खत्म हो गई। इससे सीएचसी से 25 व चमियानी गांव के 20 लोगों को लौटना पड़ा। फतेहपुर चौरासी ब्लॉक क्षेत्र में सीएचसी सहित 12 स्थानों पर टीकाकरण हुआ। यहां 1050 लोगों को टीका लगाया गया। मौरावां नगर पंचायत में भी शिविर लगाया गया। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनधि नवनीत शुक्ला ने टीका लगाकर शुरुआत कराई। शिविर में 110 लोगों को टीका लगाया गया। वैक्सीन खत्म होने से करीब 30 लोगाें को बिना टीका लगवाए लौटना पड़ा। ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण, बीघापुर, सुमेरपुर, बिछिया, पुरवा, हिलौली, मियागंज, सफीपुर, फतेहपुर चौरासी, बांगरमऊ और गंजमुरादाबाद में टीकाकरण कराया जा रहा है। इसमें स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण शिविरों में नेटवर्क न आने से पंजीकरण में दिक्कतें आ रही हैं।
जिले के 20 केंद्रों पर हुए टीककारण में 11421 लोगों को टीका लगाया गया। यह सोमवार की अपेक्षा काफी कम रहा। वैक्सीन न होने से बीघापुर में टीकाकरण नहीं हुआ। सुमरेपुर में सबसे कम 82 लोगों ने टीका लगवाया।
मंगलवार को अचलगंज में 111, असोहा में 1045, औरास मे 700, बांगरमऊ में 849, बिछिया में 99, फतेहपुर चौरासी में 1050, गंजमुरादाबाद में 446, हसनगंज में 1425, हिलौली में 110 लोगों को टीका लगा। मियागंज में 461, नवाबगंज में 604, पुरवा में 670, सफीपुर में 1147, शुक्लागंज में 501, सिकंदरपुर सरोसी में 1206, सुमेरपुर में 82, जिला अस्पताल में 681 व महिला अस्पताल में 234 लोगों को टीका लगाया गया। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि टीकाकरण में 10183 डोज कोविशील्ड व 1238 डोज को वैक्सीन खर्च हुई है।