उन्नाव। जिले में 93 दिन बाद कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। संख्या शून्य आने पर विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। उन्हें अब आरटीपीसीआर के भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है।
जिले में 18 मार्च को कोरोना के दो मरीज मिले थे। उसके बाद से लगातार कोरोनो मरीजों की संख्या में इजाफा होता गया। 17 अप्रैल को एक दिन में 308, 18 अप्रैल को 304 व 19 अप्रैल को एक दिन में सबसे अधिक 390 कोरोना संक्रमित मिले थे। कोविड अस्पताल में मरीजों को भर्ती कराने में भी दिक्कतें उठानी पड़ी थी। शनिवार को कोरोना मरीजों की संख्या शून्य आने से डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जिले में अब तक 14 हजार 885 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें 231 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। 14603 मरीजाें की हालत में सुधार हुआ है। लखनऊ आरटीपीसीआर भेजे गए सैंपलों में 2174 सैंपलों की रिपोर्ट का अभी विभाग को इंतजार है।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि कोरोना के नियंत्रण से सभी को यह नहीं समझना चाहिए कि संक्रमण समाप्त हो गया है। वायरस कमजोर हुआ है। अभी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसलिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। मास्क लगाएं व सामाजिक दूरी का पालन करें। हाथों को सैनिटाइज करते रहें।