उन्नाव। ग्रामीण क्षेत्रों में हुए तीन दिवसीय टीकाकरण में कोविशील्ड की 1400 वायल खराब हुई हैं। एक वायल में दस लोगों को टीका लगाया जाता है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग 14 हजार डोज खराब होने की बात कह रहा है।
टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने के लिए 21, 22 और 24 मई को जिले की 1040 ग्राम पंचायतों में अभियान चलाया था। एक दिन में हर ब्लॉक की दस ग्राम पंचायतों में टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने जिले के दो लाख से अधिक लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया था। अभियान के दौरान कई ग्राम पंचायतों ने टीकाकरण में रुचि नहीं दिखाई। स्थिति यह रही कि कई गांवों में वैक्सीन की वायल खुली लेकिन दो लोगों ने ही टीका लगवाया। बाकी वैक्सीन खराब हो गई। टीकाकरण प्रभारी एसीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि निर्देश हैं कि दस लोगों के होने पर ही वायल खोली जाए। विवाद की स्थिति से बचने के लिए स्वास्थ्य टीमों ने कैंप में आए लोगों का टीकाकरण कर दिया। इसलिए वैक्सीन की 1400 वायल खराब हुई हैं।
जिले में 18 से 44 साल तक की उम्र के युवाओं का कोविड टीकाकरण एक जून से शुरू होगा। शासन से निर्देश आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी हैं। टीका कराने से पहले कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। पोर्टल पर मिलने वाली तिथि पर टीका लगवाना होगा। टीकाकरण प्रभारी एसीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि वैसे जो पहले की तरह ही टीकाकरण के सत्र चलेंगे, लेकिन पत्रकार, न्यायालय कर्मी व सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश हुए हैं। युवाओं के टीकाकरण के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।