उन्नाव। कोरोना के संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों की दी जाने वाली मेडिकल किट की रोजाना समीक्षा होगी। लखनऊ में बैठे अधिकारी मरीजों को फोन कर इसकी जानकारी लेंगे। गांवों में हुए सर्वे के दौरान मेडिकल किट दी जाने वाले मरीजों के मोबाइल नंबर शासन ने मांगे है।
जिले में आशा संगिनी व आशा कार्यकर्ता के माध्यम से कोरोना के संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों को मेडिकल किट बांटी जा रही हैं। ब्लॉक स्तर पर किट का वितरण कर रही टीमों से कहा गया है कि मेडिकल किट पाने वाले मरीजों का नाम और मोबाइल अवश्य लें। डीएम रवींद्र कुमार ने गुरुवार को दवा वितरण की समीक्षा की। निर्देश दिए कि मरीज का ब्योरा दर्ज करने में लापरवाही न बरतें। मरीज को दवा खाने का पूरा तरीका बताएं। सीएमओ डॉ आशुतोष ने बताया कि 2500 मेडिकल टीमों को कोरोना के संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों को मेडिकल किट देने के साथ उन्हें होम आइसोलेट कर दिया जाता है। अब तक एक हजार मेडिकल किट बांटी जा चुकी है।