उन्नाव। जिले में 18 से 44 साल उम्र वालों का टीकाकरण शुरू न होने से युवा परेशान हैं। कुछ लोग लखनऊ व कानपुर में स्लॉट बुक कराकर टीकाकरण करा रहे हैं।
18 से 44 साल तक के युवाओं को कोरोना संक्रमण से बचाने के जिले में 28 अप्रैल से टीकाकरण की शुरुआत होनी थी। इसके लिए कई युवाओं ने पंजीकरण भी करा लिया था। राज्य सरकार से वैक्सीन न मिलने से टीकाकरण की शुरुआत नहीं हो पाई। ऐेसे में कुछ युवा लखनऊ व कानपुर में स्लाट बुक करा रहे हैं। गांधीनगर के राहुल का कहना है कि उन्होंने कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराया था, लेकिन स्लॉट बुक नहीं हुआ। बाद में लखनऊ में स्लॉट बुक हो गया। 13 मई को वहां जाकर टीकाकरण कराया। आवास विकास निवासी अंशू (30) को केरल जाना है। वह केरल में एक कंपनी में काम करता है। कंपनी से कहा गया है कि काम पर आने से पहले टीका लगवाएं। जिला अस्पताल में वह टीका लगवाने गए थे, लेकिन मना कर दिया गया। अब वह कानपुर में टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराकर स्लॉट बुक कराने का प्रयास कर रहे हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। जल्द ही 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड वैक्सीन पंजीकरण की जिम्मेदारी कॉमन सर्विस सेंटर के संचालकों को सौंपी गई है। नगर क्षेत्र में कोविड पंजीकरण की तो स्थिति ठीक थी लेकिन ग्रामीण इलाकों में लोग रजिस्ट्रेशन नहीं करा पा रहे थे। अब सीएससी संचालकों के माध्यम से पंजीकरण शुरू कराया गया है। जिला प्रबंधक अंकित शुक्ला ने बताया कि पंजीकरण नि:शुल्क किया जाएगा।