उन्नाव। कोरोना से प्रधान शिक्षक और पत्रकार सहित सात लोगों की मौत हो गई। औरास निवासी शिक्षक का लखनऊ व पत्रकार का मलिहाबाद के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में दो ने दम तोड़ दिया। जिले में 254 लोग संक्रमित मिले हैं।
औरास के मुरौवन टोला निवासी महेंद्र कुमार अस्थाना (40) गांव लोधई के उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधान शिक्षक थे। पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगने पर 12 अप्रैल को वह प्रशिक्षण करने गए थे। छोटे भाई धर्मेंद्र के मुताबिक प्रशिक्षण के बाद उनका स्वास्थ्य बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सरस्वती मेडिकल कालेज भेजा गया। हालत बिगड़ने पर लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उनकी मौत हो गई। बिछिया ब्लॉक के तारगांव निवासी पत्रकार संतोष लोधी (45) को 26 अप्रैल को बुखार व सांस लेने में दिक्कत पर परिजनों ने लखनऊ के मलिहाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। पीतांबरनगर निवासी माया कुशवाहा (70) को 25 अप्रैल को बुखार आया था। कोविड जांच में वह संक्रमित मिली थीं। परिजन घर पर ही इलाज करा रहे थे। गुरुवार को हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड ले जाया गया। वहां उनकी मौत हो गई। सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में असोहा निवासी बाबूलाल (71) को 7 मई की सुबह, गिरिजबाग निवासी रवि दीक्षित (68) को 5 मई को व कौड़ियापुर निवासी राजेश (52) को 3 मई को भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। असोहा के टेंट व्यवसायी रामपाल की 52 वर्षीय पत्नी रेखा यादव की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जिले में 254 लोग संक्रमित मिले। संक्रमितों में सिकंदरपुर कर्ण में 20, नवाबगंज में 11, पुरवा में 12, सफीपुर में 14, मियागंज में 12, असोहा में चार, सरोसी में 10, बीघापुर में 18, औरास में 11, सुमेरपुर में 10, हिलौली में 28, हसनगंज में दो लोग संक्रमित मिले है। बांगरमऊ में सात, बिछिया में एक, फतेहपुर चौरासी में छह, गंजमुरादाबाद में छह, शहर में 63, शुक्लागंज में 14 लोग संक्रमित मिले।