उन्नाव। कोविड की आरटीपीसीआर जांच के लिए जिला अस्पताल में लिए मशीन लगाई जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक निधि से 45 लाख रुपये स्वास्थ्य विभाग को देने के लिए सीडीओ को पत्र लिखा है। सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग को बजट जारी करते हुए सीएमओ को जेम पोर्टल से मशीन खरीदने को कहा है। अभी नवाबगंज स्थिति सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए मशीन लगी हुई है।
अभी आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजे जा रहे हैं। रोजाना सैकड़ों की संख्या में जांच के लिए जा रहे सैंपल की रिपोर्ट आने में दस दिन लग रहे हैं। जिले से भेजे गए सैंपलों में 5788 सैंपलों की रिपोर्ट का स्वास्थ्य विभाग को अभी इंतजार है। रिपोर्ट आने तक मरीजों की स्थिति भी बिगड़ जाती है। विधानसभा अध्यक्ष व भगवंतनगर विधायक हृदयनारायण दीक्षित ने अपनी निधि से 45 लाख रुपये का बजट जारी किया है। सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि आरटीपीसीआर जांच के लिए शासन से फाइल पास हो चुकी है। बजट भी मिल चुका है। सीएमओ को पत्र भेजकर जल्द से जल्द आरटीपीसीआर जांच मशीन खरीदने को कहा है।