नवाबगंज। अब कोरोना की आरटीपीसीआर जांच जिले में सात सौ रुपये में करा सकेंगे। अभी तक जांच लखनऊ से होती थी। रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। जांच रिपोर्ट आधे घंटे में मिल जाएगी। नौ सौ रुपये खर्च करने पर घर से सैंपल लेने की भी सुविधा मिलेगी।
कोविड अस्पताल बनाए गए नवाबगंज सरस्वती मेडिकल कॉलेज में आरटीपीसीआर जांच मशीन लगाई गई है। डीएम ने गुरुवार शाम को इसका वर्चुअल शुभारंभ किया। डीएम रवींद्र कुमार ने कहा कि आरटीपीसीआर मशीन लगने से जिलेवासियों को अब भटकना नहीं पड़ेगा। यहीं जांच की सुविधा मिल जाएगी। कोरोना से जनता को बचाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। सरस्वती मेडिकल कॉलेज के निदेशक सौरभ कवंर ने बताया कि यहां पहले से डायलिसिस मशीन, आईसीयू, व एचएनएफसी की सुविधा उपलब्ध है। अब आरटीपीसीआर की जांच होने से मरीजों को और आसानी हो गई है। डोर टू डोर सैंपल कलेक्सन की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए 900 रुपये शुल्क देना होगा। इस दौरान सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका, सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार उपस्थित रहे।