सफीपुर। कस्बे के मोहल्ला सरांय फजल अजीम में डेंगू से पीड़ित युवती की मौत हो गई। परिजन चार दिनों से उसका इलाज करा रहे थे। डेंगू से युवती की मौत से स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। एक घंटे में सीएमओ युवती के घर पहुंचे। परिजनों के अंतिम संस्कार में जाने से उनकी महिलाओं से ही मुलाकात हो पाई। उन्होंने पारिवारिक सदस्यों को जांच कराने की सलाह दी। इस मोहल्ले में डेंगू से यह आठवीं मौत है।
सरांय फजल अजीम मोहल्ला निवासी राजकुमारी (18) पुत्री राजू को 14 नवंबर को बुखार आया था। परिजनों ने दो दिन सफीपुर के एक नर्सिंगहोम में इलाज कराया। यहां डेंगू की पुष्टि होने पर उन्नाव स्थित एक नर्सिंगहोम ले गए। इस बीच युवती की हालत और बिगड़ गई। मंगलवार को युवती के बेदम होने पर नर्सिंगहोम संचालक ने हालत नाजुक बताई और सीएचसी ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे सीएचसी लाए। बुधवार सुबह युवती की मौत हो गई। सूचना पर सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार मृतका के घर पहुंचे। हालांकि परिवार के सदस्यों के अंतिम संस्कार में जाने से मुलाकात नहीं हो सकी। परिवार की महिलाआें से परिवार के सदस्यों की जांच कराने को कहा। मोहल्ले के लोगों को सलाह दी कि मोहल्ले व घरों के आसपास जलभराव व गंदगी न रहने दें।
--
बुखार व डेंगू से इनकी हुई है मौत
मोहल्ला सरांय फजल अजीम में बुखार से अब तक रंजीत (5) पुत्र सीताराम, गुड्डी (45) पत्नी राजेंद्र, सुशील (5) पुत्र महावीर, सिद्धेश्वरी (50) पत्नी मूलचंद्र, रजोली (55) पत्नी छुटई, शंकर (12) पुत्र भरोसे, मुन्नी (58) पत्नी लाला, विपिन (22) पुत्र नरेश, राशिद्दे (60) व रोशनी (15) की मौत हो चुकी है। वहीं, डेंगू से सुखदेई (55) पत्नी राधेश्याम, अजीत (7) पुत्र कमलेश, अमन (9) पुत्र लप्पू, गोमती(4) पुत्री नन्हक्के, पप्पू कहार (15) पुत्र झब्बू लाल, अंशू (6) पुत्र किशनगोपाल व कपिल (30) पुत्र रामपाल यादव शामिल हैं।
सफीपुर के मोहल्ला सरांय फजल अजीम में डेंगू से राजकुमारी की मौत के बाद जानकारी लेते सीएमओ डा.आशुतो- फोटो : UNNAO