कोतवाली क्षेत्र के इटायल गांव के पास एक खेत में बने
ट्यूबवेल में चल रही अवैध गुटखा फैक्ट्री में पुलिस ने छापा मारा। पुलिस
ने मौके से गुटखा बनाने की मशीन, कच्चा माल, बने और अध बने गुटखे समेत दो
लोगों को पकड़ लिया। कोतवाली के एसआई ने गुटखा बनाने वाले दो लोगों के
खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंगलवार रात करीब आठ बजे कोतवाली के एसआई
सुनील सिंह ने हमराही सत्यवीर जादौन के साथ इटायल गांव के बाहर मोक्षधाम के
पास मानसिंह राजपूत पुत्र कालीचरन के खेत में बने ट्यूबवेल में चल रही
अवैध गुटखा बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा। मौके पर गुटखा बना रहे आकाश व
पप्पू निवासीगण उरई जनपद जालौन को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने फैक्ट्री
में गुटखा बनाने की मशीन, बड़ी तादाद में कच्चा माल और पैकिंग युक्त गुटखा
के पाउच बरामद किए। इसके बाद एसडीएम राजेश कुमार को इसकी जानकारी दी गई।
एसडीएम ने तत्काल तहसीलदार परशुराम को भेजा। पुलिस ने बरामद मशीन और गुटखा
का सामान कोतवाली में रखवा दिया है।
कोतवाली के एसआई सुनील सिंह ने गुटखा
फैक्ट्री के संचालक मुल्लू गुप्ता निवासी उरई स्टैंड बुधौलियाना राठ, खेत
मालिक मानसिंह निवासी इटायल तथा दोनों कारीगर आकाश व पप्पू के खिलाफ
रिपोर्ट दर्ज कराई है।