उन्नाव। आंगनबाड़ी केंद्रों के प्री-किट वितरण समारोह में पहुंचीं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भ्रूण हत्या पर सीधे अफसरों को कठघरे में खड़ा किया। बड़े सख्त लहजे में कहा कि सरकारी व प्राइवेट अस्पताल भ्रूण हत्या में लगे हैं और अफसर आंख-कान बंद किए हुए हैं। दहेज प्रथा के बढ़ते मामलों को देख समाज के 30 प्रतिशत लोग बेटियों को गर्भ में ही मार रहे हैं। तीन-चार हजार के लिए डाक्टर हैवान बन रहे हैं और माता-पिता से मिलकर गर्भ को श्मशान बना रहे हैं।
शहर के निराला प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों का औचक निरीक्षण करें। प्राइवेट अस्पताल प्रबंधकों के साथ बैठक करें। वहां रजिस्टर बनवाकर होने वाले प्रसव का डेटा एकत्र करें। जो गलत करे उसे जेल भेजें। अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करें। फिर चाहे अस्पताल किसी का भी हो। इससे काफी हद तक भ्रूण हत्या को रोकने में मदद मिलेगी।
राज्यपाल ने कहा कि गुजरात में मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन्होंने इस तरह की व्यवस्था लागू करवाई थी। तब हमारे ही विधायकों ने कहा था कि इससे तो वोट नहीं मिलेगा। उनसे कहा था कि भले वोट न मिले लेकिन इस हत्या रूपी पाप से तो बचा जा सकेगा। निर्धारित समय से करीब आधे घंटे देर से पहुंचीं राज्यपाल ने 38 मिनट के संबोधन में राजकीय महाविद्यालय के बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र शिवम के दहेज उन्मूलन पर रखे गए विचार और कविता को सराहा। कहा कि बुधवार को सीतापुर जेल का भ्रमण किया था। वहां जेल प्रशासन ने बताया था कि बंदियों-कैदियों में पहले नंबर पर 30 फीसदी दहेज प्रथा, दूसरे नंबर पर 30 प्रतिशत हत्या और इतने ही जमीन प्रकरण से जुड़े हैं।
राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने सीतापुर के अनुपात की जानकारी ली तो पता चला कि एक हजार पुरुषों पर 886 महिलाएं हैं। इसका सीधा सा अर्थ है कि दहेज के लिए ही माता-पिता बेटियों को गर्भ में मार रहे हैं। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि 114 पुरुषों के लिए बहू कहां से लाएंगे। अभिभावकों से कहा कि बच्चों को शिक्षित करें। उन्हें संस्कार दें और किसी से दो, पांच लाख लेकर अपने बेटों को बेचें मत। इससे भ्रूण हत्या में भी कमी आएगी। कहा कि जमीन के मामलों में सरकार स्वामित्व योजना से दस्तावेज दे रही है। इसका भी फायदा भविष्य में नजर आएगा। राज्यपाल ने लोगों को बाल विवाह न करने का संकल्प भी दिलाया। कहा कि संविधान कहता है कि 14 साल तक के बच्चों को अनिवार्य शिक्षा मिलनी चाहिए। इस दौरान राज्यपाल ने सांसद, विधायकों व प्रधानों से कहा कि वह भी अपना दायित्व निभाएं और बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित करें।
प्राइवेट मेडिकल काॅलेजों की कार्यप्रणाली से बेटियां हो रहीं परेशान
राज्यपाल ने प्राइवेट मेडिकल काॅलेजों की भी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि उनके पास राजभवन में बेटियां आती हैं और मेडिकल काॅलेज की परेशानियां बताती हैं। बेटियां बताती हैं कि मेडिकल काॅलेज प्रबंधन कोई दबाव नहीं मानता है। जब चाहता है फीस बढ़ा देता है। स्थिति यह होती है कि सीधे नौ लाख से फीस बढ़ाकर 17-18 लाख पहुंच जाती है। ऐसे में बेटियों के सामने पढ़ाई पूरी करने की समस्या आती है। इसके अलावा बेटियों को अन्य परेशानियां भी उठानी पड़ती है। डीएम से कहा कि ऐसे काॅलेजों के प्रबंधकों को बुलाइए। कहिए, यदि बेटियां रोएंगी तो लाइसेंस कैंसिल होगा। इसलिए बेटियों को अनावश्यक रूप से परेशान न करिए।
सभी को सरकारी नौकरी मिलने वाली नहीं : राज्यपाल
राज्यपाल ने युवाओं से कहा कि सभी को सरकारी नौकरी मिलने वाली नहीं है। होनहारों को ही नौकरी मिलेगी। किसी जनप्रतिनिधि के बच्चे को भी ऐसे नौकरी नहीं मिलेगी। अब मेरिट चयन से मौका मिलेगा। इसलिए सरकार द्वारा दिए जा रहे मुद्रा लोन के माध्यम से रोजगार करें और दूसरों को भी नौकरी दें। विश्वविद्यालय की पढ़ाई के साथ कौशल विकास से ट्रेनिंग करें। नवाचार अपनाएं और आगे बढ़ें। कहा कि समूह की महिलाएं सरकारी मदद से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से टीबी मरीजों को अछूत न मानने की अपील की।
विकसित भारत के लिए हर व्यक्ति को निभानी होगी जिम्मेदारी
राज्यपाल ने कानपुर विश्वविद्यालय की छात्रा शिवांगी के विकसित भारत पर रखे विचारों का जिक्र किया। कहा कि विकसित भारत केवल छह लेन का हाईवे, पुल आदि बनने से नहीं होगा। इसके लिए मानसिक रूप से विकसित होना होगा। केवल अपने परिवार के लिए सोचने और सरकार के भरोसे बैठने से काम नहीं चलेगा। आने वाले 25 साल महत्वपूर्ण हैं। हर व्यक्ति को इसके लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। हर खेत को पानी, हर व्यक्ति को शुद्ध पेयजल, सभी को शिक्षा मिलेगी, तब कहीं जाकर भारत विकसित बन पाएगा। उन्होंने पहलगाम घटना और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। कहा कि हमारे प्रधानमंत्री व सैनिकों ने जिस साहस व भरोसे के साथ पाकिस्तान और आतंकवादियों को परास्त किया, उससे पूरे भारत में तिरंगा यात्रा के जरिए जवानों का अभिनंदन किया गया। आह्वान किया कि जो भारत को कुचलना चाहते हैं, उनको मिलकर कुचलना होगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए तैयार कराई स्वास्थ्य किट
राज्यपाल ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए तैयार कराई गई स्वास्थ्य किट दिखाते हुए कहा कि इसमें छोटी तौलिया, सुई धागा, बटन, शीशा, नेल कटर, कंघा, डेटॉल व सोफरामाइसिन ट्यूब रखी है। इसे हर केंद्र पर रखा जाएगा, ताकि बच्चों की जरूरत के अनुसार कार्यकर्ता इसे दे सकें। राज्यपाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं की परीक्षा ली जानी चाहिए। जो प्रदर्शन सही न करे उन्हें फिर से पढ़ाया जाना चाहिए। कहा कि कार्यकर्ता को चाइल्ड साइकोलॉजी की ट्रेनिंग भी दी जानी चाहिए, क्योंकि आने वाला समय महत्वपूर्ण है। सिविल लाइंस पश्चिमखेड़ा की कार्यकर्ता रेनू गौड़ द्वारा गीत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के कार्य कराए जाने के बयां किए गए दर्द का भी राज्यपाल ने जिक्र किया। राज्यपाल ने निराला प्रेक्षागृह में लगी विभागों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्हें जरी जरदोजी के माध्यम से तैयार चंद्रशेखर आजाद का चित्र भेंट किया गया। पुलिस लाइन में राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की। हैलीपैड पर हेलीकाॅप्टर उतरने के बाद सड़क मार्ग से प्रेक्षागृह पहुंचीं।
राज्यपाल ने वितरित कीं किट व प्रमाणपत्र
- 10 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री-किट
- पांच गर्भवतियों को पोषण टोकरी
- पांच किशोरियों को एनीमियामुक्त प्रमाणपत्र
- पांच महिलाओं को आयुष्मान कार्ड
- पांच किसानों को स्वामित्व घरौनी प्रमाणपत्र
- तीन बच्चियों को टीबी उन्मूलन प्रमाणपत्र
- एनआरएलएम के समूह को 2.25 करोड़ का प्रतीकात्मक चेक
- दो महिलाओं को बैंकिंग सखी प्रमाणपत्र
- दो युवतियों को पांच लाख का लोन प्रमाणपत्र
- दो महिला किसानों को किसान सम्मान निधि प्रमाणपत्र
- दो को उज्ज्वला और दो बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन प्रमाणपत्र
- दो छात्राओं को स्पांसरशिप योजना का डेमो चेक
- सांस्कृ़तिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली आंगनबाड़ी की पांच छात्राओं को पुरस्कृत
यह रहे मौजूद
सांसद डॉ. हरि साक्षी महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, विधायक पंकज गुप्ता, बृजेश रावत, बंबालाल दिवाकर, आशुतोष शुक्ला, एमएलसी राजबहादुर सिंह चंदेल, कमिश्नर डॉ. रौशन जैकब, डीएम गौरांग राठी, एसपी दीपक भूकर सहित अन्य अधिकारी।