लंबित मांगे पूरे न होने से नाराज राज्य कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। कर्मचारियों ने सिंचाई विभाग में बैठक करने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर पीएम व सीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की अगुवाई में एकजुट हुए कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। गुरुवार को पहले नहर निरीक्षण में बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव पांडेय ने कहा कि सातवें वेतन आयोग में विसंगतियां अभी तक निस्तारित न होने से कर्मचारियों और शिक्षकों को छठे वेतन आयोग का लाभ भी नहीं मिल रहा है। बैठक के बाद सभी कर्मचारी जुलूस के रूप में सिंचाई विभाग से निकले और नारेबाजी करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने पीएम व सीएम को प्रेषित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट शंकर मुखर्जी को सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में वीरेंद्र कुमार, महेंद्र सिंह, अशोक कुमार शुक्ल, आरएन रावत, गंगा कृष्ण शुक्ल, उमाशंकर अग्निहोत्री, मधुर मोहन श्रीवास्तव, राकेश चंद्र श्रीवास्तव, कृष्णा यादव, शैलेंद्र प्रताप सिंह, राजकुमार समते तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।