शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव गलगलहा में ग्राम प्रधान के घर लाखों की चोरी
हुई। घटना के समय घर के लोग बाहर और छत पर सो रहे थे। तड़के जब घरवालों ने
कमरे का ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कमरे में
रखी आलमारी से सारा कीमती सामान गायब था।
पीड़ित ने इसकी सूचना
कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्फिनर डॉग की मदद से चोरी
गए जेवरों के खाली डिब्बों को बरामद कर लिया। चोरों ने इसके अलावा गांव के
दो अन्य घरों को भी निशाना बनाया है। गलगलहा गांव के प्रधान रामकुमार सिंह
परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बुधवार रात खाना खाकर अपने-अपने कमरों में
सोने चले गए।
बिजली चले जाने पर घर के कुछ सदस्य घर के बाहर व कुछ
लोग छत पर सोने चले गए। इसी दौरान चोर घर की बाउंड्री फांदकर अंदर दाखिल
हुए। इसके बाद कमरे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर इसमें रखी अलमारी से करीब
दस लाख रुपये के जेवर व करीब 15 हजार की नकदी लेकर निकल गए।
गुरुवार
तड़के जब परिवारीजनों की आंख खुली तो कमरे के अंदर का नजारा देख उनके
पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रधान ने बताया कि अलमारी में दो सोने के हार के
सेट, दो कान की झुमकी, मांग बेंदी, आठ सोने की चूड़िय़ां, 16 अंगूठी, दो
सोने की चेन, करीब तीन किलो चांदी के जेवर व 15 हजार रुपये नकद रखे थे।
पीड़ित
की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान खोजी कुत्ता भी
बुलाया गया। खोजी कुत्ते की मदद से पुलिस ने जेवरों के खाली डिब्बे के गांव
के बाहर तालाब किनारे बरामद किए। चोरों ने गांव के ही पिंटू सिंह व शिवचरन
के घरों में भी धावा बोलकर करीब पांच लाख रुपये का माल व नगदी पार कर दी।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चोरी के मामले की जानकारी मिली थी। मामले की
जांच की जा रही है।