सफीपुर (उन्नाव)। सबलगढ़ी गांव में एक साल के बच्चे को गोद में लेकर कुएं में देख रही युवती का संतुलन बिगड़ गया और वह बच्चे सहित कुएं में गिर गई। गांव के दो युवकों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को निकाला। उन्हें सीएचसी से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
आसीवन थानाक्षेत्र के सबलगढ़ी गांव निवासी अमन अवस्थी लखनऊ के शहादतगंज के बावली चौकी में परिवार सहित 35 सालों से रह रहे हैं। हर साल की तरह बुधवार को भी वह शिवरात्रि पर परिवार सहित गांव में भंडारा करने आए थे। उनके साथ राजाजीपुरम निवासी साथी सरोज कुमार गुप्ता की बेटी प्रिया (19) भी आई थी।
वह अमन के एक साल के बेटे इकांंश को गोद में लेकर गांव के मंदिर से वापस घर लौट रही थी। रास्ते में कुआं देख उसमें पानी देखने लगी। गोद में बच्चा होने से झांकने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह 10 फिट गहरे कुएं में चली गई। महिलाओं की चीख सुन गांव के दो युवक अन्य युवकों की मदद से कुएं में उतरे, दोनों को बाहर निकालकर सीएचसी भेजा, वहां से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।