असोहा। घर में हो रही रस्मों के दौरान कच्ची दीवार अचानक गिर गई। मलबे की चपेट में आकर दूल्हे की मौसी समेत चार लोग घायल हो गए। परिजन घायलों को लेकर निजी नर्सिंगहोम पहुंचे। जहां मौसी समेत दो को डॉक्टर ने गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया। रास्ते में मौसी की मौत हो गई, दूसरी घायल महिला का इलाज लखनऊ में चल रहा है।
असोहा थानाक्षेत्र के गांव गोरिंदा निवासी रामकुमार कश्यप के बेटे सुनील की बरात शनिवार को बाराबंकी के तिलया गांव गई थी। रविवार दुल्हन को विदा करा कर बरात वापस पहुंची। शाम लगभग पांच बजे दुल्हन को गाड़ी से उतारने के बाद मंडप के नीचे रस्म निभाई जा रही थी। इसी बीच अचानक घर की कच्ची दीवार ढह गई। वहां मौजूद दूल्हे की मौसी विद्यावती (45) निवासी अरुजनगंज लखनऊ के साथ ही काजल पुत्री प्रेमशंकर, उर्मिला पत्नी हनुमान व राकेश दीवार के मलबे की चपेट में आ गए। परिजनों ने आनन, फानन में सभी को मलबे से निकाला और कालूखेड़ा स्थित एक निजी नर्सिंगहोम पहुंचे। जहां विद्यावती और उर्मिला की हालत नाजुक देख डॉक्टर ने मेडिकल काॅलेज लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में विद्यावती मौत हो गई। जबकि उर्मिला को गंभीर हालत में मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है। एसओ फूल सिंह ने बताया घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया था। रास्ते में विद्यावती की मौत की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।