फोटो-25-पन्नालाल सभागार में अधिकारियों के साथ कोर कमेटी की बैठक करते प्रभारी व पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह। स्त्रोत: सूचना विभाग।
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कोर कमेटी की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
-अमृत योजना का काम जल्द पूरा करने और सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर भी दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। प्रभारी व पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कलक्ट्रेट पन्नालाल सभागार में कोर कमेटी की बैठक में बिजली, सड़क, पानी की समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। कहा कि दिवाली पर लोगों को निर्बाध बिजली मिले, इसके लिए अभी से तैयार कर लें। अमृत योजना का काम जल्द पूरा करने और सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों के साथ स्वच्छ पेयजल, अपराध नियंत्रण, सड़क निर्माण व मरम्मत, विद्युत आपूर्ति, मिशन शक्ति, पशुपालन आदि की समीक्षा की। कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजनाओं से संबंधित जो बजट आवंटित है, उससे योजनाओं को पूर्ण कराया जाए। दिवाली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अभी से तैयारियां पूर्ण कर लें।
किसानों को खाद की कमी न रहे व उन्नत किस्म के बीजों को उपलब्ध कराएं। अन्य प्रदेशों में नकली दवाओं को लेकर सीएमओ की अध्यक्षता में टीम का गठन करते कर जांच कराने और बाढ़ में हुई फसल क्षति का सर्वे जल्द पूरा कराने और क्षतिपूर्ति देने के भी निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग में खरीद-फरोख्त में गड़बड़ी के सवाल पर उन्होंने डीएम से जांच कराने के लिए कहा। छुट्टा मवेशियों के खुले में घूमने को लेकर कहा कि पशुपालकों को भी जिम्मेदारी निभानी होगी कि वह मवेशियों को छुट्टा न छोड़े। वहीं सरकार द्वारा जल्द देशी गायों की नस्ल सुधारने के लिए कृत्रिम गर्भाधान अभियान चलाया जाएगा। उधर, बैठक में कई जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही।
सदर विधायक पंकज गुप्ता, मोहान विधायक बृजेश रावत, भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ल, पुरवा विधायक अनिल सिंह, एमएलसी अरुण पाठक, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, डीएम गौरांग राठी, एसपी जयप्रकाश सिंह, सीडीओ कृतिराज आदि।
इंसेट-1
तोड़फोड़ या हिंसा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रभारी मंत्री ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। कहा कि राहुल गांधी कह रहे हैं कि आने वाले समय में भारत के लोग चीन के सिस्टम की बात करेंगे। ऐसा कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बरेली की घटना पर मंत्री ने कहा कि नमाज पढ़ने, नारा लगाने या अपने धर्म का पालन करने से किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन जब कोई हिंसा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि बरेली में तौफीक रजा खां ने भीड़ को उकसाया। पुलिस पर पत्थर फेंके गए, दुकानों को नुकसान पहुंचाया गया। ऐसे में क्या पुलिस फूल बरसाएगी। कहा कि आई लव मोहम्मद दस बार कहें या 50 बार, कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन तोड़फोड़ करेंगे उन पर कार्रवाई भी होगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए ‘लोकतंत्र की हत्या’ के आरोप पर मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह न्यायसंगत और पारदर्शी है।