उन्नाव। गंगा रथ यात्रा को लेकर शिक्षा विभाग में तैयारियां जोरों पर हैं। माध्यमिक स्कूलों के छात्रों के साथ एनसीसी कैडेट्स व स्काउट गाइड को भी लगाया गया है। छात्र मानव श्रृंखला बनाएंगे, जिसमें स्काउट गाइड सहयोग करेगी। वहीं एनसीसी कैडेट्स मां गंगा के जयकारे लगाएंगे। यात्रा के दो दिन शेष होने से डीआईओएस कार्यालय में इसकी तैयारियां जोरों पर चलती रहीं।
रायबरेली से चलकर 30 जनवरी को बक्सर घाट पर पहुंच रही गंगा रथ यात्रा में शुक्लागंज से लेकर बक्सर घाट तक (सड़क व घाट) के किनारे संचालित करीब सौ माध्यमिक स्कूलों के 13 हजार छात्रों को लगाया जा रहा है। इसमें बीघापुर, सुमेरपुर व सिकंदरपुर कर्ण ब्लाक के छात्र बक्सर घाट से लेकर बदरका तक मानव श्रृंखला बनाएंगे। वहीं शुक्लागंज से कटरीक्षेत्र में संचालित स्कूलों के छात्रों को शहर से लेकर गंगा बैराज तक मानव श्रृंखला में शामिल किया जाएगा।
यात्रा में एनसीसी कैडेट्स को शामिल किया जा रहा है जो मां गंगा का जयकारा लगाते हुए आगे बढ़ेंगे। छात्रों व एनसीसी कैडेट्स के सहयोग के लिए स्काउट गाइड को भी शामिल किया गया है। डीआईओएस राकेश कुमार ने इन स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि 30 व 31 जनवरी को सुबह छह बजे छात्रों को मानव श्रृंखला में शामिल कराएं। ताकि कार्यक्रम को भव्य बनाया जा सके।