खड़ंजा उखड़वाते यूडीए कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
ध्वस्तीकरण के बाद अब छोटा चौराहा से अताउल्ला नाला के बीच सड़क पर एक जुलाई से वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। सड़क निर्माण के लिए अधिकारियों ने जिम्मेदारों को एक माह का समय दिया है। इस अवधि में रोड, नालियाें व नाला निर्माण का कार्य पूरा किया जाना है। विद्युतीकरण का काम भी इसी अवधि में होगा।
शहर के छोटा चौराहा पर एक जुलाई से फिर रौनक लौटेगी। ध्वस्तीकरण अभियान के बाद वीरान हुए इस मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए यूडीए अधिकारियों ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों ने इस कार्य को करवाने के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों व ठेकेदारों को एक माह का समय दिया है। इस समयावधि में ही सड़क व दोनों ओर नालियाें के निर्माण के साथ ही विद्युतीकरण होगा।
अधिकारियों की सख्ती के बाद विभागीय कर्मचारियों ने इस कार्य में तेजी ला दी है। रोड निर्माण के लिए साफ-सफाई का कार्य शुरू करवा दिया गया है। दूसरी ओर अताउल्ला नाला पर स्लेब डालने के लिए शटरिंग लगनी शुरू हो गई है। यूडीए के सहायक अभियंता राजेश्वर सिंह ने बताया कि अताउल्ला नाला का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। स्लेब डालना बाकी है। इसे एक-दो दिनों में ढाल दिया जाएगा। रोड व नाली निर्माण के लिए भी जून माह का समय संबंधित अधिकारियों व ठेकेदारों को दिया गया है।