चकलवंशी(उन्नाव)। जेवर दोगुना करने का लालच देकर दो ठगों ने वृद्धा को अपनी बातों में फंसा करीब दो लाख कीमत के जेवर पार कर दिए। पीड़िता के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
माखी थाना क्षेत्र के कस्बा चकलवंशी निवासी लाजवंती (68) पत्नी स्व. नंदकिशोर जायसवाल की घर पर किराना की दुकान चलाती हैं। लाजवंती के अनुसार मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे दो युवक दुकान पर आए और बातों में उलझा जेवर दोगुना करने का लालच दिया। वृद्धा के अनुसार ठगों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह सुधबुध खो बैठी। दोनों उसे कस्बे के बाहर परियर रोड पर स्थित ग्रामीण ऑफ आर्यावर्त बैंक के पास ले गए और घर से जेवर लाने की बात कही।
वृद्धा घर पहुंची और लगभग दो लाख कीमत के सोने व चांदी के जेवर लेकर ठगों को दे दिए। वृद्धा ने बताया कि ठगों ने उसे कागज की एक पुड़िया दी और रात में खोलने की बात कही। उनके जाने के कुछ देर बाद वह होश में आई और जैसे ही कागज की पुड़िया खोली, उसमें गिट्टी और कुछ फूल देख सन्न रह गई। वृद्धा ने बेटे यश जायसवाल को जानकारी दी। यश ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है जांच की जा रही है।