मौरावां(उन्नाव)। ब्रांडेड कंपनी का लोगो लगा नकली सिलाई मशीन बिक्री करने वाले दो दुकानदारों को पुलिस की मदद से कंपनी के लोगों ने 10 नकली सिलाई मशीन बेचते रंगे हाथ पकड़ लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुकानदारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
मौरावां व हिलौली कस्बा में दो दुकानदार ब्रांडेड सिलाई मशीन का लोगों लगा नकली मशीने अधिक दामों पर बिक्री कर रहे थे। जानकारी पर कंपनी के अनिल कुमार मल्ल, गगनदीप सिंह, नीरज सिंह, हिमांशु ने मौरावां पुलिस की मदद से बुधवार दोपहर सबसे पहले मौरावां कस्बा की दुकान में छापामारी की। यहां से टीम ने दो नकली सिलाई मशीन व छह मशीन के डिब्बे व अन्य उपकरण बरामद किए। इसके बाद हिलौली स्थित दुकान पहुंची टीम ने छापामारी के दौरान 8 नकली सिलाई मशीन बरामद की।
टीम के साथ पहुंची मौरावां पुलिस ने कस्बा मौरावां के दुकान संचालक इजहार अहमद व हिलौली के दुकान संचालक जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया और थाना लाई। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया टीम के प्रमुख अनिल कुमार मल्ल की तहरीर पर दोनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। बरामद मशीनों को जब्त किया गया है।