उन्नाव। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों के मेहनताने में डाका डाला जा रहा है। उन्हें तय मानक के हिसाब से मानदेय नहीं दिया जा रहा है। इससे वे महंगाई में किसी तरह गुजर-बसर करने को मजबूर हैं।
सचिव उप्र शासन के आदेश के आठ माह बाद भी नगर पालिका उन्नाव के ठेका सफाई कर्मियों को उनका हक नहीं मल पा रहा है। पालिका अधिकारी लगातार कर्मियों को उनका हक दिलाने में ढिलाइर् बरत रहे हैं और अधिकारियाें की लापरवाही के चलते कर्मचारियों का तगड़ा नुकसान हो रहा है।
सचिव उप्र शासन श्रीप्रकाश सिंह ने 9 जून 2014 को सभी जिलाधिकारियाें को एक पत्र जारी कर आदेशित किया था कि प्रदेश के सभी नगर स्थानीय निकायों में नियोजित सफाई कर्मियों 250 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाए।
इसके लगभग आठ माह बीत जाने के बाद भी नगर पालिका उन्नाव के अधिकारी इस आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं और पालिका के ठेका सफाई कर्मियोें को 140 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 42 सौ रुपये महीना मजदूरी दी जा रही है।
कर्मियों को उनका हक दिलाने के लिए नवंबर माह में पालिका अधिकारियों से नगर पालिका मजदूर सभा के पदाधिकारियों ने बात की थी। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि अधिकारियों ने इस बाबत जल्द ही बोर्ड बैठक की जाएगी और कर्मियों को न्याय मिलेगा। लेकिन सचिव के आदेश के बाद भी सिर्फ आश्वासन के आसरे ही काम हो रहा है।
इनसेट...
नगर पालिका के जो भी ठेका सफाई कर्मी हैं उन्हें 250 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी का भुगतान करने का आदेश देरी से मिला था। इसके लिए बोर्ड की बैठक में विचार किया जाना है। पालिका इस भुगतान का वहन कर सकती है और जल्द ही कर्मियों को बढ़ी हुई मजदूरी दी जाएगी। - रोली गुप्ता, ईओ, नगर पालिका-उन्नाव।