लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन थानाक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर मंगलवार तड़के अजगैन थाने के पास सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक और डंपर क्लीनर की मौत हो गई। इस घटना के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटा पाई।
लोहे के गाटर व वायलर मशीन लेकर लखनऊ से कानपुर जा रहा हरियाणा प्रांत के बघई बहादुरगढ़ निवासी डीसीएम चालक हरिओम (35) पुत्र भीमसेन अजगैन थाने से करीब सौ मीटर पहले गाड़ी खड़ी कर रस्सी कस कर रहा था। इसी दौरान लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहे डंपर चालक ने ओवरटेक करते समय डीसीएम में टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक हरिओम और कानपुर नगर के सजेती थानाक्षेत्र के अमौली निवासी डंपर क्लीनर भोलू उर्फ विकास सिंह (16) पुत्र अखिलेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। पहुंची अजगैन पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डीसीएम चालक हरिओम को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि भोलू की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे भोलू के पिता अखिलेश सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ डंपर गांव के ही नवल सिंह का है और अजय डंपर चलाता है। सोमवार रात संतोष व भोलू लखनऊ गिट्टी उतारने गए थे। लौटते समय हादसा हो गया। भोलू दो भाईयों में सबसे बड़ा था। अजगैन एसओ डा. रावेंद्र सिंह ने बताया फिलहाल अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।